Sunday, 9 October 2016

10 लाख से ऊपर की कृषि आय पर टैक्स क्यों न लगे?



पिछले कुछ बरसों में अपने आय कर रिटर्न में लाखों लोगों ने लाखों करोड़ की कमाई खेती से दिखायी है. ज़ाहिर-सी बात है कि यह काला धन है, जो खेती के बहाने खुलेआम सफ़ेद किया जा रहा है. ताज़ा आँकड़ों के मुताबिक़ अरबों का मुनाफ़ा कमाने वाली तमाम बहुराष्ट्रीय बीज कम्पनियों ने कृषि आय के नाम पर कोई टैक्स नहीं दिया. यह कहाँ की बात हुई भला? इसी तरह बहुत-से व्यक्तियों ने सैकड़ों करोड़ की कमाई खेती से दिखायी है. छोटे-मँझोले किसानों को कृषि आय पर टैक्स में छूट दीजिए, लेकिन करोड़ों कमानेवालों को छूट क्यों? कोई सीमा तो हो, जैसे दस लाख से ज़्यादा की सालाना कृषि आय पर टैक्स लगे! सारे छोटे-मँझोले किसान इस सीमा के भीतर आ जायेंगे, बाक़ी जिसकी कमाई दस लाख से ऊपर हो, उसे क्यों नहीं टैक्स देना चाहिए?
काला धन कैसे ख़त्म हो सकता है, कुछ ठोस सुझाव दे रहे हैं क़मर वहीद नक़वी अपने साप्ताहिक कालम 'राग देश' में. Click to Read.

Sunday, 2 October 2016

कैसे सुलझे गुत्थी पाकिस्तान की? - Raag Desh by QW Naqvi



फिर वही यक्ष प्रश्न! क्या इलाज है पाकिस्तान का? हमारी बस एक ही समस्या है और वह यह है कि पाकिस्तान के पास तो उसकी ख़ास 'भारत नीति' है, जिससे वह आज तक कभी नहीं डिगा, सत्ता चाहे जिसके पास रही हो, लेकिन हमारे पास कोई स्पष्ट 'पाकिस्तान नीति' नहीं है. सवाल है कि वह नीति क्या हो?
क़मर वहीद नक़वी के साप्ताहिक कालम 'राग देश' में इस हफ़्ते उरी हमले के बाद की स्थितियों का विश्लेषण. Click to Read.

29/9 के बाद पाकिस्तान - Raag Desh by QW Naqvi


यह सही है कि 'सर्जिकल स्ट्राइक' कर भारत ने पाकिस्तान को अब साफ़ सन्देश दिया है कि आतंकवादियों के ज़रिये वह जो छाया युद्ध चला रहा है, वह अब भारत को क़तई बर्दाश्त नहीं है और अब अगर भारत पर कोई आतंकवादी हमला हुआ, तो अब ऐसे हर हमले का करारा जवाब दिया जायेगा, इसे पाकिस्तान पूरी गम्भीरता से समझ ले. पाकिस्तान के लिए यह नयी स्थिति है और भारत के लिए भी.
तो अब पाकिस्तान क्या करेगाया कर सकता है? क्या हैं उसके विकल्प?
क़मर वहीद नक़वी का विश्लेषण इस हफ़्ते 'राग देश' में. Click to Read.

Thursday, 12 December 2013

'आप' ने क्यों सबको साँप सुँघा दिया?


'आप' ने सबको साँप सुँघा दिया है. उनकी हालत तो पतली है ही, जिनके हाथ की भाग्य रेखा इस चुनाव में देखते ही देखते सफ़ाचट हो गयी. लेकिन जो चौतरफ़ा जीते, उन हुँकार वालों की भी धुकधुकी लग गयी है. और सूबों के क्षत्रपों के भी दिल बैठने लगे हैं. 'आप' की झाड़ू ने राजनीति के तमाम टोटकों को ठिकाने लगा दिया. चुनाव के पहले और चुनाव के बाद, हर मौक़े पर कामयाबी की पूरी गारंटी वाले अचूक ख़ानदानी नुस्ख़े इस बार कुछ काम नहीं आये, वरना अब तक दिल्ली में तीन-तिकड़म से सरकार बनाने का जुगाड़ कब का हो चुका होता! 

भारतीय राजनीति में यह अजूबा सचमुच पहली बार हो रहा है कि सबसे ज़्यादा सीटें जीतनेवाली पार्टी को ज़रा भी इच्छा नहीं हो रही है कि वह सरकार बनाने की कोशिश करे! यह वही पार्टी है जो केन्द्र में तेरह दिन की सरकार बनाने के लिए लड़ मरी थी. आज उसे जोड़तोड़ कर सरकार बनाना अनैतिक लगने लगा है! झारखंड भी अभी कोई कालातीत इतिहास नहीं हुआ है कि लोगों को याद न आये कि बीजेपी ने वहाँ सरकार बनाने या सरकारों में बने रहने के लिए कैसे-कैसे अद्भुत कौशल दिखाये थे. लेकिन आज वह बहुमत से केवल चार के आँकड़े से दूर रह जाने के बावजूद कान पकड़े बैठी है कि न बाबा न, हम 'अनैतिक' तरीक़ों से सरकार नहीं बनायेंगे! 

'आप' यानी आम आदमी पार्टी का यही असर और आतंक है, जिसने राजनीति के ढर्रे को बदलने की शुरुआत की है. और, दरअसल, यह आतंक पार्टी का नहीं, बल्कि सचमुच आम आदमी का है. 'आप' के बहाने आम आदमी ने राजनीति में सीधे हस्तक्षेप की शुरुआत कर दी है. हाल के विधानसभा चुनावों की सबसे बड़ी उपलब्धि यही रही है कि आम आदमी ने दिल्ली में एक नये राजनीतिक प्रयोग की नींव रखी, आम आदमी पहली बार ख़ुद चुनाव लड़ा और जीता और पके-पकाये राजनेताओं और राजनीति के तमाम घाघ खिलाड़ियों के हर छल-बल को उसने अपनी मामूली-सी हस्ती के बावजूद बेअसर कर दिया. अब यह अलग बात है कि रामलीला मैदान में जब जनलोकपाल की माँग को लेकर अन्ना हज़ारे आमरण अनशन कर रहे थे, तब लबालब अहंकार से भरे इन्हीं राजनेताओं ने ताने मार-मार कर आम आदमी की बड़ी खिल्ली उड़ायी थी कि ऐसे ही क़ानून बनाने का बड़ा शौक़ है तो राजनीति में उतर कर देखो. अन्ना और आन्दोलन से जुड़े तमाम सहयोगियों-समर्थकों के भारी  विरोध के बावजूद जब 'आप' नाम की पार्टी बनी तब किसी ने इसे गम्भीरता से नहीं लिया था. लेकिन 'आप' ने अब तक अपने बारे में लगायी जा रही तमाम अटकलों, आशंकाओं, अनुमानों और आकलनों को पूरी तरह ग़लत साबित किया है. 

'आप' के अलावा भी इस बार के विधानसभा चुनाव इसलिए बड़े कौतूहल से देखे जा रहे थे कि इन्हें 2014 की लड़ाई की अँगड़ाई माना जा रहा था. बात सही भी है. देश के राजनीतिक इतिहास में ऐसा चुनावी युद्ध शायद ही पहले कभी हुआ हो. नेतृत्व के संकट से जूझ रही काँग्रेस अपने अस्तित्व के लिए छटपटा रही है, बीजेपी को लगता है कि यह उसके लिए 'अभी नहीं तो कभी नहीं' जैसा मौक़ा है और नरेन्द्र मोदी के आक्रामक नेतृत्व में वह देश की राजनीति की धारा बदल सकने के सर्वोत्तम अवसर के मुहाने पर खड़ी है. उधर मुलायम, माया, ममता, जयललिता, नीतिश, नवीन, जगन, चन्द्रबाबू समेत तमाम सूबाई क्षत्रपों को लगता है कि यही मौक़ा है, जब चुनाव बाद उनकी बड़ी भूमिका हो सकती है और कौन जाने देवेगौड़ा और गुजराल की तरह किसी का प्रधानमंत्री बनने का नम्बर भी लग जाये! अब तक यह सब गणित ठीक चल रहा था, लेकिन दिल्ली फ़तह के बाद 'आप' के 'भारत विजय' के इरादों ने अब तक बड़ी मेहनत से सजाई गयी  चौसर में नये पाँसे फेंक कर पूरा खेल तहस-नहस कर दिया है.

'आप' के साथ समस्या यह है कि परम्परागत राजनीति के दाँव से न यह खेलती है और न वे इस पर असर करते हैं. यह अनुमान भी नहीं लग पाता कि कहाँ इसके उम्मीदवार मज़बूत हैं और कहाँ कमज़ोर, कहाँ इसके समर्थक कम हैं, कहाँ ज़्यादा, क्योंकि इसके समर्थकों की कोई ख़ास पहचान है ही नहीं. इसके चुनाव प्रचार से भी पकड़ पाना मुश्किल होता है कि कहाँ इसकी अपील है और कहाँ नहीं. न बड़ी रैलियाँ और न न्यूज़ चैनलों पर 'लाइव प्रसारित' हो सकने वाले भाषण! इसलिए पता ही नहीं चलता कि वे चुनाव लड़ भी रहे हैं या नहीं, लड़ पा रहे हैं या नहीं. दिल्ली में यही हुआ. मतदान के बाद तक बड़े-बड़े चुनावी पंडितों, एक्ज़िट पोल मास्टरों को 'आप' की कोई हवा ही नहीं लग सकी! 

ऐसे में लोकसभा चुनावों में उतरने का 'आप' का फ़ैसला बीजेपी समेत सभी पार्टियों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है. कारण यह है कि काँग्रेस-विरोध की मौजूद लहर में 'आप' बहुत-से लोगों को एक नया विकल्प देती है. दिल्ली के नतीजे इसका सबूत हैं. अगर यहाँ 'आप' मैदान में न होती तो बीजेपी शायद  50 से भी ज़्यादा सीटें जीतती! बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में जहाँ बीजेपी बड़ी फ़सल काटने के लिए पूरी ताक़त झोंक रही है, 'आप' वहाँ न केवल नरेन्द्र मोदी और बीजेपी के लिए 'स्वप्नभंग' का कारण बन सकती है, बल्कि मुलायम, मायावती, नीतिश और लालू छाप राजनीति को भी बड़े झटके दे सकती है. हालाँकि अभी कोई राजनीतिक पंडित यह मानने को क़तई तैयार नहीं है कि इन राज्यों के जातीय गणित को तोड़ पाना तो दूर, कभी कोई खरोंच भी लगा सकता है. लेकिन 'आप' ने दिल्ली के दलित वोटों में भारी सेंध लगा कर ख़तरे की घंटी बजा ही दी है. आम आदमी को 'आप' के ज़रिये देश के राजनीतिक पटल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का जो मौक़ा मिला है, उसके नतीजे न केवल अगले लोकसभा चुनाव को गहरे प्रभावित कर सकते हैं, बल्कि दूसरे राजनीतिक दलों को नैतिकता की टोपी पहनने को भी मजबूर कर सकते हैं! विधानसभा चुनावों का सबसे बड़ा नतीजा यही है.
( ---क़मर वहीद नक़वी, 'अमर उजाला', 12 दिसम्बर, 2013)

Tuesday, 19 November 2013

बताइए, आपको कौन-सी जीत चाहिए?

आप जीतना चाहते हैं! भला कौन ऐसा होगा, जो जीतना न चाहे? हर कोई चाहता है कि वह जीते और हमेशा जीतता रहे. लेकिन क्या सभी जीत सकते हैं? क्या यह सम्भव है कि युद्ध में या खेल में, संघर्ष में या विमर्श में सभी जीत जायें! नहीं सम्भव है न! क्योंकि सब जीत नहीं सकते. एक जीतेगा, तो दूसरा हारेगा! किसी की हार के बिना कोई जीत सम्भव नहीं. जीतने में ही निहित है किसी का हारना, किसी को हराना! अब यह जीत- हार किसी की भी हो सकती है, किसी व्यक्ति की, किसी राष्ट्र की, किसी विचार की, किसी अवधारणा की, किसी व्यवस्था की, किसी परम्परा की, किसी रूढ़ि की, किसी स्थिति की, किसी प्रवृत्ति की. प्रवृत्ति जैसे असत्य पर सत्य की विजय, बुराई पर अच्छाई की विजय, स्थिति जैसे प्रकृति पर मनुष्य की विजय! कँटीले जंगलों और पत्थर के हथियारों से शुरू होकर आज कंक्रीट के शहरों और परमाणु हथियारों तक मानव की यात्रा दुरूह, विकट और असम्भव-सी लगनेवाली सतत विजय-गाथाओं का एक निरन्तर महाकाव्य है.

लेकिन संसार की यह शाश्वत नैसर्गिक इच्छा रही है कि जो अच्छा हो वही जीते. जो हितकर हो, जो कल्याणकारी हो, वही जीते. आप आदिम इतिहास से लेकर अब तक की मानव सभ्यता की यात्रा और संघर्षों पर नज़र डालें, तो पायेंगे कि तमाम प्रवृत्तियों के असंख्य युद्धों में हिटलर से हिरोशिमा तक कुछेक गिनती के अपवादों को छोड़ कर अगर अन्ततः अच्छाई की विजय न हुई होती, तो संसार आज इतना विकसित, इतना सभ्य, इतना व्यवस्थित न होता और चुटकी भर भी लोकतांत्रिक न हो पाता. और गिनती के जिन अपवादों में कुख्यात व्यक्तियों और प्रवृत्तियों को तात्कालिक विजय मिली भी, उन्हें भी अन्ततः कुछ वर्षों की सत्ता और वर्चस्व के बाद पराजित हो कर इतिहास के क़ब्रिस्तान में दफ़न होना पड़ा. निष्कर्ष क्या है? यही कि समय कैसा भी रहा हो, युग कोई भी हो, परिस्थितियाँ कैसी भी रही हों, शुरू में, और हो सकता है कुछ वर्षों तक कोई भी जीतता हुआ दिखा हो, लेकिन अन्तिम विजय उसी की हुई, जिसके जीतने की प्रबल इच्छा मनुष्य की सामूहिक विश्व चेतना ने की. अन्ततः वही जीता, जिसे मानव समाज और संसार के व्यापक हित में जीतना चाहिए था!

आज के समय में, जब जीत को जीवन के नये महामंत्र के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जीत के इस बुनियादी सूत्र को समझना बेहद महत्त्वपूर्ण है कि जीत वह है, जिससे कुछ अच्छा होता हो, जिससे कोई ऐसा बदलाव हो जो पहले से कुछ अच्छा हो. हमारे हज़ारों बरसों के इतिहास का निचोड़ यही है. आप कल्पना करें कि अगर अब तक हमेशा बुराइयाँ जीत रही होतीं तो आज हमारी दुनिया कैसी होती? क्या यह दुनिया रह पाने लायक़ होती? क्या हम यह संवाद भी कर पाने की स्थिति में होते? हम चैन से जीते रहें, इसके लिए अच्छाइयों का जीतना ज़रूरी है. यही मनुष्य की चेतना का मूल उद्घोष है कि जो अच्छा हो, वह विजयी रहे. ज़रूरी है कि जीत से कुछ अच्छा घटित हो, कुछ अच्छा मिले, हमें भी, हमारे समाज को भी, हमारे देश को भी, संसार को भी.

लेकिन आज जिस 'जीत' की सबको घुट्टी पिलायी जा रही है, वह जीत नहीं, बल्कि होड़ है. जीत और होड़ में एक महीन लेकिन बड़ा बुनियादी फ़र्क़ है, जिसे या तो लोग भूल गये हैं या फिर उन्हें मालूम ही नहीं है. होड़ हमेशा दूसरों से आगे निकलने की होती है. होड़ हमेशा दूसरों से पहले कुछ पा लेने की, कुछ झटक लेने की होती है. होड़ यह नहीं देखती कि जो पाया गया, वह कैसे पाया गया? उसका एक ही नियम है कि चाहे जैसे भी, बल से या छल से जो भी हासिल कर सकते हो, कर लो. दुर्भाग्य से आज होड़ में आगे रहने को ही लोग जीत मानने लगे हैं. और जीत का मतलब यही समझा जाता है कि होड़ में दूसरों को पछाड़ो, अपनी जगह बनाओ, सही या ग़लत कैसे भी!

होड़ या तथाकथित जीत की इस अदम्य चाह को हम जीवन में जगह-जगह घटते देखते हैं, स्कूल के क्लासरूम से लेकर कारपोरेट मैनेजमेंट और टीवी के रियलिटी शो से लेकर सड़क और अपार्टमेंट की लिफ़्ट तक. कभी आपने नोटिस किया है कि लिफ़्ट में चाहे जितनी भी जगह हो, उसमें से बाहर आनेवालों का इन्तज़ार किये बिना हम क्यों लिफ़्ट में घुसने की आपाधापी में रहते हैं? क्या हम नहीं जानते कि लिफ़्ट में से कुछ लोग बाहर आयेंगे, तो भीतर हमारे लिए और जगह बनेगी? जानते तो हैं, लेकिन इसका क्या भरोसा कि उस फ़्लोर पर कुछ लोग लिफ़्ट से बाहर आयेंगे ही? अगर वे बाहर न आये तो? इसलिए पहले अन्दर घुस कर अपनी जगह सुरक्षित कर लो, फिर जिसे बाहर जाना हो जाये, जिसे अन्दर आना हो आये! अपार्टमेंट की लिफ़्ट का उदाहरण इसलिए कि आमतौर पर उसमें ऐसी भीड़ नहीं होती कि लोगों को अन्दर जगह न मिले. फिर भी हम सबसे पहले उसमें अपनी जगह बनाने की होड़ में रहते हैं. क्यों? इसलिए कि हमारा अवचेतन हमें लिफ़्ट का 'युद्ध' जीतने के लिए ठेलता है.
लेकिन न कोई हमें बताता है और न हम कभी महसूस कर पाते हैं कि जीवन के हर पल हम 'लिफ़्ट के युद्ध' जैसी जो असंख्य 'विजय' प्राप्त कर ख़ुश होते रहते हैं, क्या वाक़ई वह जीत है? क्या हमने कभी सोचा कि इस 'जीत' से क्या अच्छा हुआ? यही न कि आप दूसरों को पीछे छोड़ कर कुछ पहले लिफ़्ट में घुस गये. कुछ दूसरे लोग जो आपके मुक़ाबले ज़्यादा शिष्ट थे (या कहें कि फिसड्डी थे), आपसे कुछ पल बाद लिफ़्ट में आये. आपने वहाँ पहले पहुँच कर क्या पाया और उन्होंने कुछ पल बाद लिफ़्ट में पहुँच कर क्या खोया? गये तो सब एक ही लिफ़्ट में! चलिए पल भर को मान लें कि यह लिफ़्ट किसी अपार्टमेंट की नहीं, बल्कि एक भीड़ भरे दफ़्तर की है. हो सकता है  कि आप ठेलमठेल कर पहले लिफ़्ट में घुस गये, बाक़ियों को जगह नहीं मिली और वे अगली लिफ़्ट में आये. यहाँ भी एक-दो मिनट पहले अपने गंतव्य पर पहुँच कर आपने क्या पाया और दूसरों ने एक-दो मिनट बाद पहुँच कर क्या खोया?

यह होड़ सब जगह है. कारपोरेट कम्पनियों में किसी तरह औने-पौने मुनाफ़ा कमाने की होड़ है. जिसका सबसे बड़ा मुनाफ़ा, वह सबसे सफल कम्पनी! लेकिन अकसर यह मुनाफ़ा बढ़ाया कैसे जाता है? अकसर लागत घटा कर, घटिया कच्चा माल लगा कर, या पैकिंग में भरी गयी चीज़ का वज़न घटा कर! कुछ दिनों पहले मेरा घरेलू प्रिंटर ख़राब हो गया. कभी 7-8 साल पहले ख़रीदा था. सोच रहा था कि यह अब कबाड़ हो गया, इतना पुराना है, इस बीच तकनालाॅजी कितनी बदल चुकी है. बहरहाल, बनवाने ले गया. सर्विस सेंटर पर मेकेनिक से यों ही पूछा कि कहीं कोई एक्सचेंज आॅफ़र चल रहा है क्या? इसे बदल कर नया ले लूँ. वह फ़ौरन बोला कि जब तक यह चल रहा है, चलाते रहें. आजकल जो नये चमकीले-दमकीले माॅडल आ रहे हैं, उनमें तो कोई जान नहीं है. यही अनुभव बारह-तेरह साल पुराने माइक्रोवेव ओवन का है. मेकेनिक कहता है कि इसे बनवाते रहो और चलाते रहो. नया ख़रीदोगे तो पछताओगे! क्यों भई, आज जब तकनालाॅजी इतनी आगे बढ़ चुकी है, तो इन चीज़ों की क्वालिटी साल दर साल क्यों गिर रही है? इसीलिए कि क्वालिटी ख़राब होगी तो लागत कम होगी, मुनाफ़ा बढ़ेगा. फिर दस-बारह साल चलने के बजाय चीज़ जल्दी कबाड़ हो जायेगी और ग्राहक को अपेक्षाकृत जल्दी-जल्दी नयी चीज़ें ख़रीदनी पड़ेंगी, जिससे कम्पनी का उत्पादन बढ़ेगा और मुनाफ़ा भी. एक दिन मेरी पत्नी ने बिस्कुट का पैकेट ख़रीदा. हमेशा वही बिस्कुट घर में इस्तेमाल होता है. दाम तो वही पुराना था, पैकिंग में भी कोई अन्तर नहीं था. फिर भी उन्हें कुछ खटक रहा था. अचानक उन्होंने उसके वज़न पर नज़र डाली. वज़न कुछ ग्राम कम हो गया था. पैकेट में बिस्कुटों की संख्या उतनी ही थी, दाम भी वही, लेकिन बिस्कुटों का कुल वज़न घटा कर मुनाफ़ा बढ़ाने की चाल चली गयी. फिर चाय की पत्ती के साथ भी यही माजरा हुआ. यानी चोरी से मुनाफ़ा बढ़ा लो!
अपने हिसाब से ये कम्पनियाँ मुनाफ़े के 'टारगेट' की दौड़ में जीत रही हैं, लेकिन अरबों रुपये अपने लुभावने विज्ञापनों पर लुटा देने के बावजूद ग्राहक का दिल जीतना इनके 'टारगेट' में कहीं है ही नहीं! अब ज़रा अस्पतालों की बात कर लें. भव्य इमारतें, अत्याधुनिक उपकरण, नामी-गिरामी डाॅक्टरों की लम्बी-चौड़ी टीम, लेकिन वहाँ भी डाॅक्टरों के लिए 'टारगेट' तय है कि उन्हें हर महीने इतनी कमाई अस्पताल के लिए जुटानी होगी! वे 'टारगेट' कैसे पूरा करते हैं, वे जानें! इसलिए अब किसी भी अस्पताल पर विश्वास नहीं होता कि वह मरीज़ से जो पैसा ले रहा है और जो निदान सुझा रहा है, वह कितना सही है. अस्पताल को नाम, साख और सम्मान कमाने की फ़िक्र बिलकुल नहीं है, मुनाफ़ा दिन दूना, रात चौगुना बढ़ना चाहिए. यही हाल मीडिया का है, बाज़ारवाद और पेड न्यूज़ जैसी बुराइयों के चलते उसकी साख हाल के बरसों में लगातार गिरी है. शिक्षण संस्थान भी अन्धाधुन्ध मुनाफ़े की फ़ैक्ट्रियों में बदल चुके हैं. 

ये सब इनके अपने मुताबिक़ जीत रहे हैं. दूसरों को ठेहुनी मारते ठेलते-ढकेलते आगे तो बढ़ रहे हैं, लेकिन क्या इससे कुछ अच्छा हो रहा है? अगर अच्छा हो रहा होता तो चारों तरफ़ इतनी निराशा, इतनी नकारात्मकता क्यों होती? जीत का मूलमंत्र है कि हर जीत से प्रेरणा मिलनी चाहिए. लेकिन आज हर एक जीत  अपने पीछे हज़ारों हारे हुओं की क़तार क्यों ढो रही है? आप कहेंगे, भला इसमें क्या हैरानी? जब हज़ारों की भीड़ में किसी एक को ही जीतना है तो पराजितों की क़तार हज़ारों में ही तो होगी. बिलकुल सही कह रहे हैं आप! लेकिन ज़रा ध्यान दें. एक जीत ऐसी होती है जो हज़ारों लोगों को, और हारनेवालों तक को जीत सकने की प्रेरणा देती है, जो सिखाती है कि ऐसा कुछ नहीं है, जिसे जीता न जा सके, बस लगन हो, संकल्प हो, तैयारी हो, मेहनत हो तो दुनिया में कुछ भी जीता जा सकता है. ऐसी जीत किसी को हराती नहीं, बल्कि हारनेवालों में भी आशा का संचार करती है, अकसर उन्हें बड़ा, और बड़ा सपना देती है. और दूसरे क़िस्म की जीत वह होती है, जो अगर किसी को किसी चीज़ के लिए प्रेरित करती है, तो बस बेईमानी करने के लिए! वह हज़ारों हारनेवालों में अवसाद भरती है, 'फिसड्डी' होने की लाचारी, अविश्वास और असुरक्षा पैदा करती है. उनके करियर, जीवन, और भविष्य पर संकट खड़ा करती है. निराशा के घटाटोप को फैलाती-बढ़ाती है. अब बताइए, आपको कौन-सी जीत चाहिए?

भाई, ज़रा मिनट भर रुक कर देखें और सोचें कि जिस दौड़ में आप अपना सब कुछ दाँव पर लगा रहे हैं, वह आपको क्या देगी? आप अगर सबसे आगे हुए भी तो भी वह जीत नहीं है. वह वैसा ही है, जैसे लिफ़्ट में दूसरों से पहले घुस जाना. उससे आप पाते कुछ नहीं हैं, बस दूसरों को यह नकारात्मक एहसास कराते हैं कि सही तरीक़े से कोई आगे नहीं बढ़ सकता! ऐसी होड़ अन्ततः आत्मघाती ही होगी, इससे समाज में जो नकारात्मकता, निराशा और कुंठा उपजेगी, उसकी लपटों से आप भी अछूते नहीं रहेंगे, चाहे आप दूसरों से कितना ही आगे क्यों न निकल गये हों. इसलिए पहले समझिए कि जीत किसे कहते हैं और तब जीत के लिए निकलिए, जग जीतिए और दूसरों को प्रेरित कीजिए कि वे भी नया जग जीतें.
(लोकमत समाचार, नवम्बर 2013)